सलावटिया में किराना दुकान का ताला तोड़कर चोरी, नकदी व कूपन ले उड़े चोर

BHILWARA
Spread the love



सलावटिया। विकास जैन 

कस्बे के मेन रोड चौराहे पर स्थित एक किराना दुकान में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर नकदी और कूपन चोरी कर लिए। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जैन किराणा स्टोर के संचालक अशोक काला ने बताया कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे सामने स्थित दुकान के संचालक ने फोन कर दुकान के ताले टूटे होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। चोर मुख्य गेट का ताला तोड़ने के बाद अंदर लगे लॉक को नहीं खोल सके, जिसके चलते उन्होंने गेट में जगह बनाकर दो ईंटें फंसाईं और उसी रास्ते से दुकान में प्रवेश किया।



दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपए की नकदी तथा विमल और तानसेन गुटखा कंपनी के करीब 10 हजार रुपए मूल्य के कूपन चोरी कर ले गए। अंदर का लॉक नहीं खुल पाने से दुकान में रखा अन्य सामान चोरी होने से बच गया।

घटना की सूचना पर बिजौलिया थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर चोरी की जांच शुरू कर दी है। चोरी की वारदात के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है।