भवानीपुरा के जंगल में जंगली जानवर की दस्तखत से दहशत, पगमार्क मिले

BHILWARA
Spread the love


वन अधिकारियों ने जरख होने की जताई संभावना
गाय की बछड़ी का किया शिकार
सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- सवाईपुर क्षेत्र भवानीपुरा ( बड़लियास ) गांव के जंगल में शुक्रवार रात को एक अज्ञात जंगली जानवर की हलचल देखे जाने से आसपास के ग्रामीणों और पशुपालकों में भारी दहशत फैल गई है । जानवर की मौजूदगी की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी । स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गांव के पास स्थित झाडिय़ों और पथरीले इलाके में एक जंगली जानवर को घूमते हुए देखा गया ।

जेसीबी मशीन के चालक ने इसका एक धुंधला फोटो लिया, जिसमें रात के अंधेरे में दूर एक जानवर बैठा हुआ दिखाई दिया, जंगली जानवर ने एक गाय बछड़ी को भी अपना शिकार बनाया । इसके साथ ही मौके पर जानवर के पगमार्क ( पंजों के निशान ) भी पाए गए हैं । पगमार्क मिलने के बाद ग्रामीणों में यह अफवाह फैल गई कि क्षेत्र में पैंथर (तेंदुआ) आ गया है, जिससे लोग अपने मवेशियों और सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे ।

सूचना पर दौड़ी वन विभाग की टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम तुरंत सतर्क हुई। सूचना मिलते ही कोटड़ी के कार्यवाहक वनपाल कमलेश रेगर, वन रक्षक चांदनी जैन तथा वन रक्षक श्रवण राम मौके पर पहुंचे । वन विभाग की टीम ने भवानीपुरा के जंगल और आसपास के क्षेत्रों में गहन कॉम्बिंग की तथा जमीन पर बने पगमार्क का बारीकी से निरीक्षण किया । कार्यवाहक वनपाल कमलेश रेगर ने बताया कि शुरुआती जांच और पगमार्क के आकार के आधार पर यह संभवत: कोई पैंथर नहीं, बल्कि जरख हो सकता है । हालांकि, स्थिति पूरी तरह स्पष्ट करने के लिए आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई ।

ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों और पशुपालकों से पैनिक न होने की अपील की है। कार्यवाहक वनपाल कमलेश रैगर ने ग्रामीणों को हिदायत दी है कि वे अकेले सुनसान या जंगली इलाकों में जाने से बचें और रात के समय अपने पालतू मवेशियों को बाड़ों में सुरक्षित बांधकर रखें । यदि किसी भी प्रकार का संदेहास्पद मूवमेंट पुन: दिखाई दे,तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें ।।