माण्डलगढ़, 5 अगस्त। माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए विधायक गोपाल खंडेलवाल के सतत प्रयासों से राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा के अंतर्गत क्षेत्र में ₹12.10 करोड़ की लागत से 10 सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इन कार्यों से क्षेत्र में लगभग 23.98 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
स्वीकृत कार्यों में 3 मिसिंग लिंक सड़कें (₹5.50 करोड़) तथा 7 नॉन-पेचेबल सड़कें (₹6.60 करोड़) शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों की वर्षों पुरानी सड़क समस्याओं का समाधान होगा, आवागमन सुगम बनेगा तथा किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक गोपाल खंडेलवाल ने इस स्वीकृति पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री मती दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं तथा आगे भी विकास कार्यों की यह गति जारी रहेगी।
विधायक खंडेलवाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए उनकी प्राथमिकता हमेशा जनहित रही है और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को लगातार स्वीकृति दिलाई जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और ग्रामीण अंचलों का आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण होगा।
