असलम रंगरेज
काछोला। काछोला कस्बे में डाक विभाग (डाकघर) के लिए वर्षों से पूर्व महात्मा गांधी राजकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल के समीप भूमि आवंटित की जा चुकी है, लेकिन आज तक वहां विभाग का स्वयं का भवन निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इसके चलते स्थानीय डाकघर लंबे समय से किराए के पंचायत भवन की जर्जर इमारत में संचालित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डाकघर जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सेवा के लिए स्वयं का सुरक्षित एवं आधुनिक भवन होना आवश्यक है। वर्तमान में जिस भवन से डाकघर संचालित हो रहा है, उसकी स्थिति काफी जर्जर बताई जाती है, जिससे कर्मचारियों के साथ-साथ डाक सेवाओं के लिए आने वाले आम नागरिकों को भी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। आधार सेंटर का काम होने से आये दिन लगातार बढ़ती भीड़ के कारण आम नागरिकों को काफी परेशानी होती हैं
ग्रामीणों का मानना है कि जब भूमि पहले से आवंटित है, तो संबंधित विभाग, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन को समन्वय बनाकर शीघ्र भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल करनी चाहिए। इससे डाक विभाग को स्थायी भवन मिलेगा, सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा भविष्य में बढ़ती आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं भी विकसित की जा सकेंगी।
कस्बावासियों ने जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता देते हुए डाकघर भवन निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाए, ताकि काछोला क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुरक्षित डाक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
