बिजौलिया – शुभम । पवित्र सावन मास के अवसर पर मन्दाकिनी महाकाल मंदिर, बिजौलिया में भगवान महाकाल का विशेष जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं भव्य पुष्प श्रृंगार श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और संपूर्ण वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर विद्वान आचार्यों के निर्देशन में भगवान शिव-पार्वती पूजा, श्री गणेश पूजा, नमकम-चमकम रुद्री पाठ तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल का दुग्ध, दही, घृत, मधु, शक्कर एवं पवित्र जल से अभिषेक कर क्षेत्र एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर समिति से जुड़े श्रद्धालुओं ने बताया कि पिछले 25 वर्षों से सावन मास में अखंड रामायण पाठ एवं विशेष अभिषेक की परंपरा निरंतर जारी है, जो क्षेत्र की धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुकी है। इस वर्ष भी अखंड रामायण पाठ के साथ प्रतिदिन विशेष पूजा, आरती एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है।
मंदिर में किए गए आकर्षक पुष्प श्रृंगार एवं दीप सज्जा ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया तथा मंदिर समिति द्वारा प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।

मन्दाकिनी महाकाल मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों से सावन मास के शेष दिनों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी होकर भगवान महाकाल की कृपा प्राप्त करने का आग्रह किया है।
