कांस्या से तिलस्वां महादेव तक निकली भव्य शोभायात्रा

BHILWARA
Spread the love



विश्व आदिवासी दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, सामाजिक एकता और संस्कृति संरक्षण का दिया संदेश

बिजौलिया – शुभम जैन । विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 10 अगस्त 2026 को आदिवासी राणा पुंजा भील युवा संगठन, बिजौलिया के तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर कांस्या से तिलस्वां महादेव तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में आदिवासी समाज के युवा, बुजुर्ग, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और उत्साह के साथ निकली शोभायात्रा ने आदिवासी संस्कृति और सामाजिक एकता की शानदार झलक प्रस्तुत की।

शोभायात्रा के तिलस्वां महादेव पहुंचने के बाद सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी परिवार से कांति भाई रोत, मांगु दादा निनामा, पूर्व प्रधान गोपाल जी मालवी, मांडल विधायक प्रत्याशी हैप्पी बन्ना, भानु प्रताप जी, सामाजिक कार्यकर्ता किशन कुमार खटीक एवं रायमल जी सहित समाज के वरिष्ठजन एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।



कार्यक्रम के दौरान संगठन एवं समाज की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। सभा को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए एकता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही आदिवासी संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत के संरक्षण पर भी जोर दिया।

पारंपरिक वेशभूषा में दिखी संस्कृति की झलक

कार्यक्रम में मातृशक्ति, युवाओं और बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे समाजजनों ने अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का परिचय देते हुए सामाजिक एकता का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और भाईचारे का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता, भाईचारे एवं आदिवासी समाज के विकास के संकल्प के साथ हुआ।