बड़लियास (रोशन वैष्णव)। सावन माह के पावन अवसर पर सोमवार को श्री चंवरा के हनुमान जी महाराज के यहां से उदलियास माफी स्थित महाकालेश्वर महादेव मंदिर के लिए निकली विशाल कांवड़ यात्रा बड़लियास पहुंची। कांवड़ यात्रा के बड़लियास पहुंचने पर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़िए शामिल रहे। पूरे मार्ग में बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए कांवड़ यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बड़लियास में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की ओर से कांवड़ियों का स्वागत किया गया। इसके बाद कांवड़ यात्रा उदलियास माफी स्थित महाकालेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भगवान महादेव का शेष जलधारा से अभिषेक किया।
इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और पूरा वातावरण शिवमय नजर आया। कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
