अतिक्रमण और सड़क पर खड़े वाहनों से शक्करगढ़ में बिगड़ी यातायात व्यवस्था, रोडवेज बसें गाँव में आना बंद

शक्करगढ़
कस्बे की मुख्य सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दुकानदारों ने सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण कर लिया है, जबकि दिनभर बाइक, जीप और अन्य वाहन सड़क पर ही खड़े रहने से मार्ग संकरा हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण राजस्थान रोडवेज की बसें अब गाँव के अंदर आने के बजाय बस स्टैंड से सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की ओर निकल जाती हैं। इससे गाँव के यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है और काफी असुविधा होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि संकरी सड़क के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है तथा कई बार जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है। लोगों ने प्रशासन से मुख्य सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि रोडवेज बसों का गाँव के अंदर पुनः संचालन शुरू हो सके और आमजन को राहत मिल सके।



