काछोला असलम रंगरेज
धामनिया स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 21वीं सदी की कौशल आधारित गतिविधियों के तहत विज्ञान एवं गणित विषय का कौशल मेला एवं मॉडल प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, वैज्ञानिक सोच और गणितीय समझ का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रकार के मॉडल प्रस्तुत किए।
प्रदर्शनी का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य हीरा लाल शर्मा ने फीता काटकर किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन करते हुए कहा कि शिक्षण कार्य में टीएलएम का अधिक से अधिक उपयोग किया जाना चाहिए। सहायक शिक्षण सामग्री के माध्यम से कठिन विषयों को भी विद्यार्थियों के लिए सरल, रोचक और आनंददायक बनाया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों की विषय में रुचि बढ़ने के साथ उनकी सीखने की क्षमता भी मजबूत होती है।
विज्ञान वर्ग में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर मॉडल तैयार किए। विद्यार्थियों द्वारा मिसाइल एवं उत्सर्जन तंत्र का मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया गया। कक्षा 10वीं की छात्रा ने हार्ड वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का मॉडल बनाकर द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों ने प्रदूषण से संबंधित कारखाने, बेलन एवं शंकु तथा वर्गमूल से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए।
गणित शिक्षक लोकेश मीणा ने बताया कि विद्यार्थियों ने पूरे वर्ष विभिन्न विषयों पर मॉडल तैयार किए हैं। इन मॉडलों को केवल प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि कक्षा-कक्ष में भी इनके माध्यम से विद्यार्थियों को विषय समझाया जाता है, जिससे पढ़ाई अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनती है।
विज्ञान शिक्षक बरखा मीणा ने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों के साथ कुछ उपयोगी मॉडल बाहर से भी उपलब्ध करवाए गए हैं। मॉडलों की सहायता से विद्यार्थियों को विषय की अवधारणाओं को व्यावहारिक रूप से समझाने का प्रयास किया जाता है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य हीरा लाल शर्मा, जगदीश मंत्री, प्रकाश चतुर्वेदी, नंद लाल प्रजापत, देवी लाल गुर्जर, लोकेश मीणा, बरखा मीणा, राजकुमार चौधरी, मोहम्मद शाबीर रंगरेज सहित विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
