खजूरी में उपप्रधान चुनाव में भी सियासी घमासान, कांग्रेस के हेमराज रेगर 9-6 से जीते

विधायक गोपीचंद मीणा और एसपी सागर राणा के बीच तीखी नोकझोंक, एएसपी अंजुम कायल भी सुबह से रहे मौके पर तैनात, भारी पुलिस जाब्ते के बीच संपन्न हुआ मतदान

शक्करगढ़
खजूरी पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के बाद शनिवार को उपप्रधान पद के चुनाव में भी राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर रहीं। नामांकन से लेकर मतदान तक दिनभर गहमागहमी का माहौल बना रहा। नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा और जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बाहरी लोगों की मौजूदगी, कथित हिस्ट्रीशीटरों, तीन एफआईआर में कार्रवाई नहीं होने और अपशब्दों को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
उपप्रधान पद के लिए सुबह 10 बजे नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। कांग्रेस से निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य मनीषा मीणा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। उनके साथ विधायक गोपीचंद मीणा सहित भाजपा के नेता और समर्थक मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस की ओर से हेमराज रेगर ने उपप्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
विधायक और एसपी के बीच हुई तीखी नोकझोंक
नामांकन के बाद कांग्रेस प्रत्याशी के साथ मौजूद लोगों को लेकर विधायक गोपीचंद मीणा ने पुलिस प्रशासन के सामने सवाल उठाए। विधायक ने आरोप लगाया कि बाहरी और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग क्षेत्र में आकर माहौल खराब कर रहे हैं तथा पुलिस उन्हें संरक्षण दे रही है। उन्होंने पूर्व में दर्ज तीन एफआईआर में कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। इस दौरान एसपी सागर राणा ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ एकत्रित नहीं करने की बात कही। दोनों के बीच तीखी बहस हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर माहौल शांत करवाया।
विधायक गोपीचंद मीणा ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशासन या एसपी को कोई अपशब्द नहीं कहे, बल्कि कथित असामाजिक तत्वों के लिए टिप्पणी की थी। उन्होंने चुनाव के दौरान बाहरी लोगों को एस्कॉर्ट दिए जाने पर भी सवाल उठाए।
एसपी और एएसपी सुबह से संभाले रहे मोर्चा
चुनाव के दौरान बने तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुम कायल सुबह से ही मौके पर डटे रहे। दोनों अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी और पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ कानून-व्यवस्था की कमान संभाली। मतदान केंद्र के आसपास भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। अधिकारियों ने लगातार स्थिति पर निगरानी रखी, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
भाजपा के पांच सदस्य पहले पहुंचे, कांग्रेस के नौ सदस्य बाद में आए
दिनभर चले राजनीतिक घटनाक्रम के बाद मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। निर्दलीय प्रत्याशी मनीषा मीणा भाजपा के पांच पंचायत समिति सदस्यों के साथ करीब तीन बजे मतदान करने पहुंचीं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी हेमराज रेगर कांग्रेस के सभी नौ पंचायत समिति सदस्यों के साथ करीब चार बजे मतदान केंद्र पहुंचे।
मतदान के बाद घोषित परिणाम में कांग्रेस के हेमराज रेगर ने 9-6 के अंतर से जीत दर्ज कर उपप्रधान पद पर कब्जा जमाया। इस तरह खजूरी पंचायत समिति में उपप्रधान पद पर कांग्रेस को सफलता मिली।
प्रधान चुनाव के दौरान हुए हंगामे के बाद उपप्रधान चुनाव में भी विधायक और एसपी के बीच हुई तीखी बहस तथा भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी ने खजूरी पंचायत समिति के चुनाव को जिलेभर में चर्चा का विषय बना दिया।



