BHILWARA

हरि सेवा उदासीन आश्रम में सनातन मंगल महोत्सव की तैयारियों को लेकर सर्व सनातन समाज की अहम बैठक


भीलवाड़ा।  मूलचन्द पेसवानी
हरि सेवा उदासीन आश्रम स्थित सनातन मंदिर परिसर में रविवार को सर्व सनातन समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें आगामी सनातन मंगल महोत्सव की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन किया गया। बैठक का शुभारंभ श्रीराम भक्त हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं शंखनाद के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी भक्तों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।



बैठक की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने की। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 19 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक दीक्षा दान समारोह के उपलक्ष्य में भव्य सनातन मंगल महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस आठ दिवसीय आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से यह बैठक आहूत की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा, व्यवस्थाएं, दायित्वों का वितरण तथा समाज की सक्रिय सहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने सभी वर्गों और समाजों से एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सनातन मंगल महोत्सव के अंतर्गत 108 श्रीमद् भागवत जी के मूल पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक समाज की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। प्रति समाज एक श्रीफल एवं मात्र एक रुपये की दक्षिणा रखने का निर्णय लिया गया, ताकि यह आयोजन समरसता और समानता का प्रतीक बने। साथ ही महायज्ञ में सर्व समाज के प्रतिनिधि अपनी धर्मपत्नी के साथ युगल रूप में बैठकर आहुति प्रदान कर सकेंगे।

अपने आशीर्वचनों में महामंडलेश्वर ने कहा कि यह आयोजन वस्त्र नगरी भीलवाड़ा के लिए एक लघु महाकुंभ के समान होगा, जिसमें देश-विदेश से हजारों सनातनी श्रद्धालु पधारेंगे। कई दिव्य संतों का आगमन होगा, जिनके दर्शन और आशीर्वाद से नगर पुण्यलाभ प्राप्त करेगा। उन्होंने सनातन की भाषा और भूषा की एकरूपता बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया।



पठानकोट से पधारे स्वामी गुरु चरणानंद महाराज (बाबा साहब) ने सभी समाज प्रमुखों और भक्तजनों से सेवा भाव से आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक सेवा भी पूरे मनोयोग से की जानी चाहिए, तभी आयोजन अपने उद्देश्य को पूर्ण कर सकेगा।

बैठक में संत मयाराम, संत गोविंदराम, ब्रह्मचारी कुनाल, मिहिर सहित अनेक संतजन उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न समाजों के प्रमुख कार्यकर्ता, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, महिला संगठनों की मातृशक्ति तथा युवा शक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने आयोजन को सफल बनाने हेतु सहयोग का संकल्प लिया और अपने-अपने सुझाव भी साझा किए।

इस अवसर पर चाँदमल सोमानी, सुरेश गोयल, अशोक मूंदड़ा, बद्रीलाल सोमानी, मुरली कोली, सुभाष बाहेती, ईश्वर आसनानी, हीरालाल गुरनानी, कैलाश जीनगर, अंबालाल नानकानी, मनोज शर्मा, लादूलाल भांड, निशा जैन, महावीर खंडेलवाल, अरुण सिंह, मोनू माली, विजय कुमार विजयवर्गीय, ढालूमल सोनी सहित अनेक गणमान्यजनों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन खुशबू शुक्ला एवं शिवानी भरावा ने किया। बैठक का समापन सायंकाल ठाकुर जी को पौष बड़ा महोत्सव का भोग अर्पित करने के साथ हुआ।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!