BHILWARA

साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, WhatsApp व Truecaller पर फर्जी पहचान बनाकर लाखों की ठगी, जालौर से एक आरोपी गिरफ्तार


भीलवाड़ा। साइबर एवं संगठित अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रतापनगर पुलिस ने साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर नामी व्यक्तियों की फोटो व्हाट्सएप डीपी पर लगाकर और ट्रुकॉलर पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों से ठगी करता था।

थानाधिकारी राजपाल सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा कार्रवाई को अंजाम दिया गया ।

पुलिस ने बताया को बीती 28 जुलाई को मिठ्ठा लाल, निवासी भीलवाड़ा ने बताया था कि 26 और 28 जुलाई को उसके मोबाइल पर दो-तीन अज्ञात नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आईं। कॉल करने वाले ने अपने व्हाट्सएप प्रोफाइल पर नामी व्यक्ति पृथ्वीराज कोठारी की फोटो लगाई हुई थी और स्वयं को वही बताकर विश्वास में लिया। इसके बाद आरोपी ने अहमदाबाद में 40 लाख रुपये हवाला के माध्यम से ट्रांसफर करवा लिए।

इस रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डाटा और सूचनाओं का विश्लेषण करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

लगातार तकनीकी जांच और सूचना संकलन के बाद पुलिस ने आरोपी ईश्वर मेघवाल को जालौर से डिटेन किया और अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जालौर और बालोतरा क्षेत्र के आसपास रहने वाले युवकों के गिरोह से जुड़ा है, जो राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली सहित कई राज्यों में साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

गिरफ्तार आरोपी मोदरा, जालौर का निवासी है। पुलिस ने बताया कि मामले में गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और ठगी से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!