BHILWARA

नेशनल हाईवे 48 पर हादसा, स्कूटी सवार की मौत:भारत सरकार लिखी कार ने स्कूटी को टक्कर मारी


मांडल। मांडल थाना क्षेत्र के धुलखेड़ा के पास नेशनल हाईवे 48 पर शुक्रवार को सड़क हादसे में भारत सरकार लिखी अर्टिगा कार और स्कूटी की भिड़ंत में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी सवार युवक मांडल की ओर से आ रहा था। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही अर्टिगा कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और अर्टिगा कार को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारु करवाया। मृतक के शव को उपजिला अस्पताल मांडल की मोर्चरी में रखवाया गया।

पुलिस ने मृतक की पहचान रनीकपूरा निवासी रतन लाल पुत्र धन्ना लाल गुर्जर के रूप में की है। परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण लगातार हो रहे हादसों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और गति नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!