BHILWARA

सरथला में चोरों का उत्पात: दो घरों से नकदी और जेवरात चोरी, ग्रामीणों में दहशत


भीलवाड़ा । सर्दी के साथ-साथ चोरों का आतंक भी बढ़ता जा रहा है। शहर के बाद अब सरथला गांव में बीती रात चोरों ने दो सूने घरों को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की सूचना पाते ही ग्रामीणों में खलबली मच गई। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

चोरी का तरीका

काछोला पुलिस के अनुसार, सरथला निवासी रामदयाल पाराशर के घर में रात लगभग दो बजे चोरों ने ताले तोडक़र प्रवेश किया। चोरों ने घर के बक्से का ताला तोड़ा और 20 हजार रुपये नकद, आधा किलो चांदी के पायजैब और चांदी की चेन चोरी कर ली।



इसी गांव में सत्यनारायण धाकड़ के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। इस घर से चांदी की कनगती और कातरिया चोरी हो गई। पुलिस के अनुसार, पाराशर परिवार उस समय किसी कार्यक्रम में गया हुआ था, जबकि धाकड़ परिवार के सदस्य बाड़े में मौजूद थे।

पुलिस कार्रवाई

चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वारदातस्थल का जायजा लिया। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके।

शहर में चोरी का सुराग नहीं

दो दिन पहले शहर के बाजार नंबर दो स्थित हीरा ट्रेडर्स नामक शॉप के अलसुबह ताले तोडक़र चोर ढाई लाख रुपये की नकदी चुरा ले गया था। सीसी टीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!