बिजौलियाँ।
तेजाजी का चौक से रोडवेज बस स्टैंड तक नगर पालिका द्वारा किए जा रहे सीसी रोड निर्माण कार्य के दौरान बीच सड़क में आ रहे पुराने विद्युत पोल और डीपी को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को नगरवासियों ने उपखण्ड अधिकारी, अजीत सिंह राठौड़ को ज्ञापन सौंपा।
नगरवासियों ने बताया कि उक्त मार्ग पर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जा रही है, लेकिन बीच-बीच में लगे पुराने विद्युत पोल व डीपी निर्माण कार्य में बाधा बन रहे हैं। कई स्थानों पर विद्युत तार अत्यंत नीचे हो चुके हैं, जिससे आमजन के लिए खतरा बना हुआ है। साथ ही ये पोल सौंदर्यीकरण व डिवाइडर निर्माण में भी बाधक हैं।

नगरवासियों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते इन पोल व डीपी को नहीं हटाया गया तो दुर्घटना व जान-माल के नुकसान की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं सीसी रोड बन जाने के बाद यदि पुनः सुधार कार्य किया गया तो सड़क के क्षतिग्रस्त होने की भी आशंका है। मार्ग पर आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम को देखते हुए भी विद्युत डीपी व पोल का हटाया जाना आवश्यक बताया गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि संबंधित विद्युत पोल व डीपी को शीघ्र हटवाने अथवा स्थानांतरित करने के आदेश जारी किए जाएं, ताकि निर्माण कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके और भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
इस दौरान यशवंत सिंह पुंगलिया, संजय सिंह चौहान, शंभू सिंह शक्तावत, बजरंग सिंह सांखला, चिंकी टाक, अजय सिंधी, लक्ष्मण सिंह और देवी लाल कोली सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
