बिजौलिया । रमेश गुर्जर
माजी साहब का खेड़ा गांव में आबादी क्षेत्र से निकलने वाले गंदे पानी के नाले का रूट गलत दिशा में छोड़े जाने से ग्रामीण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में माजीसाहब काखेड़ा के खातेदार किसानों ने बुधवार को उपखण्ड अधिकारी, अजीत सिंह को ज्ञापन सौंपकर नाले का रूट बदलने की मांग की है।

ज्ञापन में खातेदार भैरूलाल बलाई, मणकचंद्र बलाई, रमेश चंद्र बलाई, कैलाश बलाई, सोनू रेगर, शंभूलाल धाकड़, नरेश शर्मा, दिनेश शर्मा, राजेश शर्मा सहित अन्य किसानों ने बताया कि गांव के गंदे पानी के लिए बनाए गए विशाल नाले को आबादी क्षेत्र के बाद उनकी खातेदारी भूमि के पास आम रास्ते के बाहर आकर छोड़ दिया गया है। इससे रास्ते में गंदगी और कीचड़ फैल रहा है, जिससे आवागमन में कठिनाई हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि नाले का दूषित पानी खेतों में फैल रहा है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच रहा है और खेती करना मुश्किल हो गया है। किसानों ने बताया कि उनके पास इन्हीं खेतों के अलावा आजीविका का कोई अन्य साधन नहीं है। इस समस्या को लेकर पूर्व में सरपंच एवं ग्राम सचिव को भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि गंदे पानी के नाले का रूट तत्काल सही कराया जाए, ताकि किसानों की जमीन और आम रास्ते को हो रहे नुकसान से राहत मिल सके।
