मांडलगढ़ । क्षेत्र के जोझवा गांव में शुक्रवार को अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर की टक्कर से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को तत्काल बीगोद चिकित्सालय लाया गया, जहां मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया और घायल का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बजरी से ओवरलोड ट्रैक्टर ने तेज रफ्तार में आकर बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को संभाला।


हादसे की खबर फैलते ही बीगोद चिकित्सालय में ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।


स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टरों की आवाजाही लगातार जारी है और पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बावजूद इसके प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में आक्रोश है।
मृतक युवक उदय सिंह स्थानीय सोना फैक्ट्री में कार्यरत बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री के मजदूरों और कर्मचारियों ने आक्रोश जताते हुए फैक्ट्री के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने अवैध बजरी परिवहन पर रोक लगाने और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं प्रशासन ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

