भीलवाड़ा।
समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय लाडो सेवा फाउंडेशन ने अपने सात वर्ष पूर्ण कर आठवें वर्ष में प्रवेश किया है। इस अवसर को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए संस्था ने इसे सेवा, संकल्प और समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा देने का अवसर बनाया है। संस्था द्वारा मानवता की सेवा के लिए सात महत्वपूर्ण सामाजिक संकल्प घोषित किए गए हैं, जिन्हें समाज के लिए मील का पत्थर बताया जा रहा है।
संस्था के कार्यकर्ताओं ने बताया कि पहले संकल्प के रूप में “सेवा संकल्प दिवस” के अंतर्गत रोटी बैंक के माध्यम से निरंतर अन्न सेवा, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर तथा जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दूसरे संकल्प “सेवा रत्न सम्मान समारोह” के अंतर्गत समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं, मातृ शक्ति और महिलाओं का सम्मान किया जाएगा तथा महिला सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे।


तीसरे संकल्प “लाडो उत्सव” के अंतर्गत जरूरतमंद बालिकाओं को शिक्षण सामग्री प्रदान की जाएगी, साथ ही बालिकाओं के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही “एक लाडो – एक संरक्षक” अभियान प्रारंभ किया जाएगा।
चौथे संकल्प के रूप में “लाडो सेवा संसद” आयोजित कर जनता की खुली पंचायत लगाई जाएगी, जिसमें आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए पहल की जाएगी।
पांचवें संकल्प “लाडो युवा नेतृत्व शिविर” के माध्यम से युवाओं को समाज सेवा से जोड़कर उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
छठे संकल्प के अंतर्गत स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सातवें संकल्प “सेवा नवाचार प्रतियोगिता” के माध्यम से स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को सामाजिक कार्यों से जोड़ते हुए सामाजिक समस्याओं पर चर्चा तथा उनके समाधान के लिए नए विचारों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि लाडो सेवा फाउंडेशन का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदना और मानवता की भावना को मजबूत करना है। संस्था के संस्थापक लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने कहा कि आने वाले समय में संस्था समाज के हर वर्ग तक सेवा कार्यों का विस्तार करेगी और जनभागीदारी के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास जारी रखेगी।
