नर्सेज एसोसिएशन ने चिकित्सा अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
भीलवाड़ा ।
महात्मा गांधी चिकित्सालय में कार्यरत नर्सिंग कर्मियों को पिछले एक वर्ष से समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। इस संबंध में राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन, भीलवाड़ा ने सोमवार को चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नर्सिंग कर्मी आंदोलन की राह पकड़ने को मजबूर होंगे।


एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नारायण लाल माली के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग कर्मचारियों का वेतन पिछले एक साल से अनियमित रूप से दिया जा रहा है। कभी वेतन दो से तीन महीने में एक बार मिलता है, तो कभी महीने की पहली तारीख को वेतन जारी नहीं किया जाता।
इस अनियमितता के कारण नर्सिंग कर्मियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई कर्मचारियों के लिए घर का खर्च चलाना और बैंक या अन्य लोन की किस्तें समय पर चुकाना मुश्किल हो गया है।
नर्सेज एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि बार-बार ध्यान दिलाने के बावजूद भी प्रशासन इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इससे कर्मचारियों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है।

एसोसिएशन ने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट किया है कि यदि समय पर वेतन भुगतान की व्यवस्था नहीं की गई तो जिलेभर के नर्सिंग कर्मी उग्र आंदोलन शुरू करेंगे। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन की होगी।
