सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- सवाईपुर कस्बे सहित सोपुरा जाटों का, सालरिया, ढ़ेलाणा, बड़ला, बनकाखेड़ा, चावंडिया, ककरोलिया माफी, लसाडिया, रेड़वास, गुवारड़ी, कुड़ी, बोरखेड़ा, बोर्डियास, खजीना, कांदा, पीथास, सोलंकिया का खेड़ा आदि कई गांवों में आज दशा सुधारने और खुशहाली की कामना के साथ दशा माता का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास से मनाया गया ।


अलसुबह से ही महिलाएं पीपल के पेड़ के नीचे सामुहिक रूप से पूजा-अर्चना की, जहाँ बुधादित्य और रवि योग के विशेष संयोग ने इस पूजन के फल को और भी खास बना दिया । पीपल के वृक्षों को महिलाओं ने कुमकुम, हल्दी और अक्षत से पूजा-अर्चना कर विधि-विधान के साथ गले में दशा माता की बेल धारण की ।

महिलाएं सज संवर कर सोलह श्रृंगार कर हाथों में पूजा की थाली लिए पीपल के पेड़ की पूजा करने के लिए पहुंची, यहां पूजा अर्चना कर पीपल के पेड़ की परिक्रमा लगाई, वही पटवारी माता की पूजन कर दशा माता की कहानी सुनी, जहां महिलाओं ने घर परिवार की दशा को सही करने के साथ ही परिवार में सुख समृद्धि की कामनाएं की । इसके बाद महिलाओं ने व्रत उपवास खोले ।।
