BHILWARA

घरेलू गैस के दुरुपयोग पर रसद विभाग की कार्रवाई, 8 सिलेंडर व रिफिलिंग मशीन जब्त

भीलवाड़ा । जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर घरेलू गैस की कालाबाजारी एवं दुरुपयोग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को रसद विभाग ने भीलवाड़ा जिले में तीन स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 8 घरेलू गैस सिलेंडर, 1 रिफिलिंग मशीन, 1 मारुति कार, 1 बांसुरी तथा अन्य उपकरण जब्त किए।

काछोला पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला रसद अधिकारी के निर्देश पर प्रवर्तन अधिकारी वंदना मीणा ने कार्रवाई करते हुए एक मारुति कार, 4 घरेलू गैस सिलेंडर, 1 रिफिलिंग मशीन एवं अन्य उपकरण जब्त किए। जब्त मारुति कार को पुलिस थाना काछोला के सुपुर्द किया गया, जबकि 4 घरेलू गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन तथा अन्य उपकरण गैस एजेंसी काछोला को सौंपे गए।

भीलवाड़ा शहर में लव गार्डन के सामने स्थित महावीर कचौरी से 2 घरेलू गैस सिलेंडर व 1 बांसुरी जब्त की गई। जांच में पाया गया कि होटल संचालक द्वारा बांसुरी के माध्यम से घरेलू गैस सिलेंडर से कमर्शियल गैस सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी।
वहीं लव गार्डन के सामने ही एक अन्य प्रतिष्ठान पर अवैध भंडारण पाए जाने पर 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। यह कार्रवाई एलपीजी (विनियमन) आदेश 2000 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत की गई है।

जिला कलेक्टर के निर्देश पर घरेलू गैस की कालाबाजारी एवं दुरुपयोग के विरुद्ध यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी इसी प्रकार कार्रवाई जारी रहेगी। जिला रसद अधिकारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में प्रवर्तन निरीक्षक विनोद मीणा सहित विभागीय टीम शामिल रही।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button