बरूंदनी में माता रानी के दरबार में सजा भव्य सप्तमी जागरण, राम जन्मोत्सव की गूंज से भक्तिमय हुआ माहौल
बड़लियास (रोशन वैष्णव)
बरूंदनी लालबाई फूलबाई माता रानी मंदिर में बुधवार रात्रि को सप्तमी के पावन अवसर पर भव्य जागरण का आयोजन किया गया। इस दौरान माता रानी का आकर्षक एवं विशेष श्रृंगार किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
रात्रि 9 बजे भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान श्रीराम एवं माता रानी की वेद विद्यालय के पंडितों द्वारा विधिवत महाआरती की गई। इसके साथ ही हनुमान चालीसा पाठ, श्रीराम स्तुति एवं “श्री राम जय राम जय जय राम” महामंत्र के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इसके पश्चात देर रात तक माता रानी का जागरण चलता रहा, जिसमें भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। भजन गायक सोहन नाथ सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाई।
जागरण में समस्त ग्रामवासी, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता, माताएं-बहनें बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भक्तजन भजनों पर नृत्य करते हुए भक्ति में लीन नजर आए, जिससे पूरा माहौल श्रद्धा और उल्लास से भर गया।
