अस्पताल मार्ग पर फैली गंदगी से लोग परेशान, नाले में कचरा जाम होने से उठ रही दुर्गंध

BHILWARA
Spread the love

सफाई व्यवस्था चरमराई, पेड़ों की छंटाई के बाद नहीं हटाया गया कचरा; लोगों में नाराजगी

बिजोलिया । शुभम जैन

नगर के अस्पताल मार्ग पर सफाई व्यवस्था बिगड़ने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध के कारण हालात बदतर होते जा रहे हैं, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।

स्थानीय निवासी ओम प्रकाश माली ने बताया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील मार्ग पर भी नियमित सफाई नहीं हो रही है। यहां कई दिनों से सफाई कर्मचारी नहीं आने के कारण सड़क और आसपास का क्षेत्र गंदगी की चपेट में आ गया है।



माली ने बताया कि बोहरा जी की बगीची के पास स्थित नाले की नियमित सफाई नहीं होने से उसमें कचरा जमा हो गया है, जिससे तेज दुर्गंध फैल रही है और राहगीरों को परेशानी हो रही है।

इसके अलावा पथिक पार्क के नजदीक पेड़ों की छंटाई के बाद फैला कचरा भी नगर पालिका द्वारा अभी तक नहीं हटाया गया है, जिससे अव्यवस्था और बढ़ गई है।

क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।