भीलवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी भीलवाड़ा एवं थाना पुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 202.500 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा जब्त कर पंजाब निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही एक हुण्डई वरना कार भी जप्त की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हेतु थाना पुर प्रभारी कन्हैया लाल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया है ।
पुलिस ने बताया कि 26 मार्च को डीएसटी के कांस्टेबल रमेश से सूचना मिली कि एनएच-48 पर हमीरगढ़ से मांडल जाने वाली लेन में पुर पुलिया के आगे एक संदिग्ध हुण्डई वरना कार तेज गति के कारण डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान कार में प्लास्टिक कट्टों में भरा 202.500 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान जसपाल सिंह (35) पुत्र लाभसिंह निवासी खडीयाल सुनाम सदर,पंजाब एवं गुलजीत सिंह (30) पुत्र भूरा सिंह निवासी जोलिया भवानीगढ़, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है तथा मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
