भीलवाड़ा। गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ईको कार सहित चार गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मामले में पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में जिलेभर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य व वृताधिकारी सुरेश डाबरिया के सुपरविजन में काछोला थाना पुलिस की टीम गठित की गई।
थानाधिकारी मालीराम के नेतृत्व में गठित टीम ने कस्बे में कार्रवाई करते हुए एक ईको कार में बिना लाइसेंस और परमिट के गैस भरते हुए आरोपी को पकड़ा। मौके से भारत गैस के चार सिलेंडर भी जब्त किए गए। इस संबंध में रसद विभाग भीलवाड़ा को सूचना दी गई।
रसद विभाग से 27 मार्च को प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है।
