1008 दीपों की महाआरती से जगमगाया सुपार्श्वनाथ जैन मंदिर
भीलवाड़ा। हाउसिंग बोर्ड स्थित श्री सुपार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में महावीर जन्मकल्याणक के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। मंदिर परिसर दीपों की रोशनी, भव्य सजावट और जयकारों से गूंज उठा।

नवीन काला ने बताया कि सायंकाल मुनि अरह सागर महाराज एवं निहित सागर महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। इसके बाद 1008 दीपों से महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन की व्यवस्थाएं सुमित पाटनी, शुभम काला, मुकेश पाटनी, रजनीश पाटनी, राकेश झांझरी और माणक चंद बाकलीवाल के नेतृत्व में की गईं।
मंच संचालन पदम चंद काला ने किया, वहीं कमल गोधा, सरला चूड़ीवाल और जयवंती अजमेरा ने भक्तिरस से सराबोर प्रस्तुतियां देकर माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
समिति अध्यक्ष प्रकाश गंगवाल ने बताया कि महाआरती के दौरान मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर अरुण जैन, प्रवीण चौधरी, मनीष शाह, नरेश पाटोदी, लोकेश अजमेरा, अशोक सेठी, पवन अजमेरा, पवन कोठारी, विजय काला सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण चांदनपुर वाले बाबा की मनमोहक झांकी रही, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। झांकी निर्माण में जय कुमार छाबड़ा की विशेष भूमिका रही। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और रंगोली से सजाया गया।
सकल दिगम्बर जैन समाज अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि पहली बार आयोजित मंदिर सजाओ प्रतियोगिता में सुपार्श्वनाथ मंदिर ने भीलवाड़ा स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान सुभाष नगर नेमिनाथ जैन मंदिर और तृतीय स्थान आरके कॉलोनी स्थित आदिनाथ जैन मंदिर को मिला।
