विधायक कोठारी ने मानसून पूर्व किया विभिन्न नालों का निरीक्षण

BHILWARA
Spread the love



वर्षा ऋतु से पहले प्रमुख नालों कीजल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

भीलवाड़ा, 31 मार्च।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से  शहर के विभिन्न प्रमुख नालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर आवश्यक मरम्मत, सफाई एवं सुधार कार्यों की अग्रिम कार्यवाही तुरंत प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी ने सांगानेर गेट नाला, जैन ज्योति नगर का नाला, सांगानेर कॉलोनी में प्रस्तावित महिला आईटीआई ग्राउंड के पास का नाला, मोती बावजी का नाला, भारद्वाज हॉस्पिटल के पास वाला नाला तथा रोडवेज बस स्टैंड के पास वाले नाले का मौके पर जाकर जायजा लिया।
विधायक कोठारी ने कहा कि वर्षा ऋतु से पूर्व नालों का रखरखाव, सफाई और मरम्मत कार्य समय रहते पूरा होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि शहरवासियों को जलभराव, गंदगी और आवागमन की समस्या का सामना न करना पड़े।
इस दौरान उन्होंने गांधीसागर से सांगानेर नदी तक आने वाले नाले का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी के मार्ग में आने वाली बाधाओं को शीघ्र दूर कर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिससे शहर में जल भराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।