विधायक कोठारी ने जिला कलेक्टर के साथ गांधीसागर से सांगानेर नदी तक नाले का लिया जायजा

BHILWARA
Spread the love


मौके पर सफाई कार्य शुरू
भीलवाड़ा, 2 अप्रैल।
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त और सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से भीलवाड़ा विधायक  अशोक कुमार कोठारी ने शहर के विभिन्न प्रमुख नालों का निरीक्षण किया। इस क्रम में आज जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू व नगर निगम आयुक्त हेमा राम चौधरी के साथ गांधीसागर से ट्रीटमेंट प्लांट होते हुए सांगानेर नदी तक जाने वाले नाले का  मौके पर निरीक्षण किया गया, जहां जल निकासी मार्ग में अवरोध और सफाई की आवश्यकता को देखते हुए निगम अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए तथा मौके पर ही जेसीबी मशीन लगाकर नाले की सफाई कार्य प्रारंभ कराया गया।


निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी ने सांगानेर गेट नाला, जैन ज्योति नगर का नाला,  मोती बावजी के समीप नाले का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर सफाई, मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विधायक कोठारी ने कहा कि मानसून से पहले नालों की नियमित सफाई, रखरखाव और मरम्मत कार्य पूरा होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वर्षा के दौरान शहरवासियों को जलभराव, गंदगी और आवागमन में बाधा जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
जिला कलेक्टर ने  अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां जल निकासी मार्ग बाधित है, वहां तत्काल प्रभाव से अवरोध हटाकर प्रभावी एवं स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में आमजन को राहत मिल सके और शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
  इस दौरान विधायक कोठारी के साथ एडवोकेट अर्पित कोठारी, गजेन्द्र सिंह राठौड़, संजय राठी, मनोज भारद्वाज, राहुल नायक आदि उपस्थित थे।