गंगापुर (भीलवाड़ा)।
लंबे समय के बाद कांग्रेस संगठन में उपाध्याय परिवार की वापसी के संकेत देते हुए एक अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए सहाड़ा ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर ज्योति उपाध्याय को नियुक्त किया है।
ज्योति उपाध्याय के मनोनयन की खबर फैलते ही उनके समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता का संकेत बताया है। सहाड़ा क्षेत्र में उपाध्याय परिवार की लंबे समय से मजबूत राजनीतिक पकड़ रही है, ऐसे में इस नियुक्ति को संगठनात्मक संतुलन और अनुभव के तौर पर भी देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि ज्योति उपाध्याय, कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे स्व. रामपाल उपाध्याय की पुत्रवधु हैं। स्व. रामपाल उपाध्याय का क्षेत्र की राजनीति में खासा प्रभाव रहा है और वे संगठन के मजबूत स्तंभ माने जाते थे।
ज्योति उपाध्याय की नियुक्ति से महिला कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में संगठन गांव-गांव तक सक्रिय होगा और महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर ज्योति उपाध्याय ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन को मजबूत बनाने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत करने का आह्वान भी किया।
