ड्रग्स तस्करी की कमाई से खरीदी संपत्ति फ्रीज

BHILWARA
Spread the love



एनडीपीएस एक्ट के तहत 50 लाख की जमीन व ट्रैक्टर चिन्हित, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं गंभीर मामले

गुलाबपुरा :
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति पर शिकंजा कसते हुए थाना  पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ड्रग्स की काली कमाई से खरीदी गई लाखों रुपए की संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू की है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वृताधिकारी जितेन्द्र सिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में थाना गुलाबपुरा प्रभारी संजय गुर्जर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया की आरोपी लाभचंद उर्फ लाभू (39), निवासी उमर थाना बेंगू जिला चित्तौड़गढ़, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त रहा है। आरोपी द्वारा तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई की गई है। इस संबंध में संपत्ति के दस्तावेज कम्पीटेंट अथॉरिटी & एडमिनिस्ट्रेटर सफ़ेम (FOP)A & एनडीपीएस एक्ट , नई दिल्ली को भेजे गए हैं तथा आरोपी को नोटिस जारी किया गया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने पैतृक गांव उमर (चित्तौड़गढ़) में जमीन तथा एक ट्रैक्टर खरीदा, जिनकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने वित्तीय जांच कर इन चल-अचल संपत्तियों को चिन्हित किया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के गंभीर मामले दर्ज हैं। थाना आसींद में 22 क्विंटल 22 किलोग्राम अफीम डोडा चूरा तथा थाना रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर) में 22 किलो 540 ग्राम अफीम बरामदगी के प्रकरण दर्ज हैं।