अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, एकनाल बंदूक बरामद

BHILWARA
Spread the love

बिजौलिया। थाना पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को एकनाल टोपीदार बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास हथियार का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला।

पुलिस ने बताया कि कांस्या चौकी प्रभेद नरेश कुमार सुखवाल मय जाप्ता शनिवार को क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान इन्द्रपुरा क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पंचानपुरा बांध के पास शिकार की टोह में अवैध बंदूक लेकर घूम रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम लादू पुत्र श्यामलाल भील (35) निवासी इन्द्रपुरा बताया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एकनाल टोपीदार बंदूक बरामद की गई। आरोपी से हथियार का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने मौके पर ही हथियार को जब्त कर लिया और आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।