कोटड़ी में दो दर्दनाक सड़क हादसे, पिता की मौत, पुत्री व साडू गंभीर घायल

BHILWARA
Spread the love



कोटड़ी । थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। पुरोहितजी खेड़ा के पास बीगोद मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल आ रहे मृतक के साडू की बाइक नीलगाय से टकरा गई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार शाहपुरा तहसील के अरनिया रासा निवासी रामपाल सैनी (50) अपनी पुत्री शिवानी के साथ बाइक से नंदराय गांव अपनी बहन से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान कोटड़ी से आगे बीगोद रोड स्थित पुरोहितजी खेड़ा के पास मिट्टी से भरे एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि रामपाल सैनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्री शिवानी गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर कोटड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कोटड़ी सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। वहीं गंभीर घायल शिवानी को मनोज लौत व अन्य ग्रामीणों के सहयोग से 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों रामराज माली व दुर्गेश चौधरी ने कोटड़ी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

इधर, रामपाल सैनी की मौत की सूचना मिलने पर अरनिया रासा से कोटड़ी सीएचसी आ रहे मृतक के साडू छोटूलाल माली की बाइक बोरड़ा गांव के पास अचानक सामने आई नीलगाय से टकरा गई। हादसे में छोटूलाल माली गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि साथ में मौजूद सोहनलाल का प्राथमिक उपचार किया गया।