BHILWARA

सावर पुलिस की चतुर कार्रवाई: झाड़ियों में छिपे युवक से 2.84 ग्राम स्मैक बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

दिलखुश मोटीस

सावर (अजमेर)@अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत सावर पुलिस ने रविवार को एक निर्णायक कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक युवक को 2.84 ग्राम स्मैक सहित रंगे हाथों गिरफ़्तार किया है। आरोपी झाड़ियों में छिपकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था, किंतु सतर्क पुलिस दल ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।

गश्त के दौरान मिली महत्वपूर्ण सफलता

थानाधिकारी बनवारीलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस दल क्षेत्र में नियमित गश्त पर था। जब टीम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सावर के पीछे पहुँची, तब एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर झाड़ियों की ओर भागने लगा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की घेराबंदी कर दी और थोड़ी ही देर में उसे पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान और मादक पदार्थ की जब्ती

पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान रोहित सांसी पुत्र प्रहलाद सांसी (24 वर्ष), निवासी सांसी बस्ती, सावर के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, किन्तु सख्ती बरतने पर उसने स्वीकार किया कि उसके पास अवैध मादक पदार्थ है। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.84 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसे नियमानुसार ज़ब्त कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण संख्या 159/2025 दर्ज कर उसे गिरफ़्तार कर लिया गया है।

नशा तस्करी के नेटवर्क की तह में पहुंचने की तैयारी

प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान के तहत यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी को यह मादक पदार्थ कहाँ से प्राप्त हुआ तथा वह इसे किन-किन व्यक्तियों तक पहुँचाने वाला था। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह गिरफ्तारी एक बड़े तस्करी नेटवर्क की कड़ी तक पहुंचने में सहायक सिद्ध हो सकती है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में निष्पादित हुई कार्रवाई

इस कार्रवाई का संचालन पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा (IPS) के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी शोराज मल मीणा एवं वृताधिकारी हर्षित शर्मा के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।

मौके पर कार्रवाई को अंजाम देने वाले दल में थानाधिकारी बनवारीलाल मीणा के नेतृत्व में एएसआई सरदार सिंह, कांस्टेबल छोटूराम, शिवप्रकाश, प्रदीप एवं रामेश्वर गिरी शामिल थे, जिनकी सजगता और तत्परता प्रशंसनीय रही।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!