18 हजार यूनिट सेवा इतिहास के बाद विवेक सुषमा चैरिटेबल ट्रस्ट का सबसे बड़ा रक्तदान महाशिविर
बिजौलिया, (नरेश धाकड़)।
स्वर्गीय पूर्व विधायक विवेक धाकड़ के सेवा संकल्प को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए विवेक सुषमा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 13 मई को बिजौलिया में विशाल रक्तदान महाशिविर आयोजित किया जाएगा। “अबकी बार तीन हजार पार” के संकल्प के साथ आयोजित यह महाशिविर राजस्थान के सबसे बड़े रक्तदान आयोजनों में शामिल होने जा रहा है।
ट्रस्ट द्वारा अब तक आयोजित रक्तदान शिविरों में 18 हजार यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित किया जा चुका है, जिससे हजारों जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिला है। इसी गौरवशाली सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार 3000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है।
स्व. विवेक धाकड़ ने अपने सार्वजनिक जीवन में हमेशा गरीब, जरूरतमंद और आमजन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके सेवा संस्कारों को आज ट्रस्ट विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों के माध्यम से आगे बढ़ा रहा है। रक्तदान महाशिविर अब केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र में मानवता, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है।
पूर्व जिला प्रमुख इंजी. कन्हैयालाल धाकड़ के मार्गदर्शन, सामाजिक अनुभव और दूरदर्शी सोच से इस महाअभियान को नई ऊर्जा मिली है। उनके नेतृत्व में यह आयोजन क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
विशेषज्ञों के अनुसार महिलाओं को गर्भावस्था, प्रसव, ऑपरेशन, एनीमिया सहित विभिन्न जटिल परिस्थितियों में रक्त की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। इसके अलावा थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, दुर्घटना ग्रस्त मरीजों, ऑपरेशन केस एवं आपातकालीन रोगियों के लिए रक्त अमूल्य जीवनदान साबित होता है।
महाशिविर से एकत्रित रक्त राजस्थान के प्रमुख अस्पतालों और ब्लड बैंकों में भेजा जाएगा। इनमें SMS ट्रॉमा सेंटर जयपुर, शांति ब्लड बैंक जयपुर, पेसिफिक हॉस्पिटल उदयपुर, अग्रवाल ब्लड सेंटर कोटा, कृष्णा रोटरी ब्लड बैंक कोटा, अरिहंत हॉस्पिटल भीलवाड़ा, रामस्नेही हॉस्पिटल भीलवाड़ा, महात्मा गांधी हॉस्पिटल भीलवाड़ा एवं कोटड़ी श्याम ब्लड बैंक सहित अन्य संस्थान शामिल हैं। इससे हजारों मरीजों को राहत मिलेगी।
शिविर का आयोजन श्री विवेक आदर्श धाकड़ विद्यापीठ संस्थान परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे दीप प्रज्वलन के साथ होगा। भीषण गर्मी के बावजूद क्षेत्रभर में युवाओं, महिलाओं, किसानों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
ट्रस्ट अध्यक्ष दीपशिखा धाकड़ ने बताया कि महाशिविर को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया गया है और बड़ी संख्या में लोग रक्तदान के लिए आगे आ रहे हैं।
