भीलवाड़ा/भीषण गर्मी के दौर में पक्षियों के लिए जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं जीव सेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद् वीर शिवाजी शाखा द्वारा ग्यारस के पावन अवसर पर दूधाधारी मंदिर परिसर में परिंडा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आमजन को 100 परिंडों का वितरण किया गया तथा पक्षियों के लिए नियमित रूप से पानी रखने का संदेश दिया गया। शाखा अध्यक्ष कमलेश बोड़ाना एवं कार्यक्रम प्रभारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी के कारण पक्षियों को पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व बनता है कि वह अपने घर, दुकान एवं प्रतिष्ठान के बाहर पक्षियों के लिए परिंडे लगाए तथा नियमित रूप से उनमें पानी भरकर जीव सेवा का कार्य करे। परिषद् द्वारा समय-समय पर सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज में जागरूकता लाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में जीव दया एवं सेवा को विशेष महत्व दिया गया है तथा इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए शाखा द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों एवं नागरिकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में परिंडे लगाने का संकल्प लिया। शाखा सचिव पंकज अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में रेणु तोषनीवाल, कुसुमलता राठी, शशि बोड़ाना, पायल अग्रवाल, चंदा समदनी, सह सचिव हरीश अग्रवाल, दुर्गालाल सोनी, अशोक राठी, हितेश तोषनीवाल, राजकुमार समदनी, शिव खेमका, आदित्य व्यास, रेखा जीनगर सहित शाखा के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान परिषद् सदस्यों ने आमजन से अपील की कि गर्मी के मौसम में पक्षियों एवं मूक प्राणियों के लिए पानी एवं दाने की व्यवस्था अवश्य करें, जिससे जीव संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा मिल सके।
