*पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को लेकर भाजपा ने झोंकी ताकत, प्रबंधन समिति का गठन*
*वैचारिक निर्माण और दायित्व बोध की मिसाल बनेगा प्रशिक्षण शिविर – मेवाड़ा*
भीलवाड़ा 16 मई। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भीलवाड़ा जिला संगठन पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत आगामी 23 और 24 मई को जिला स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करने जा रहा है। जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा की अध्यक्षता एवं जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, प्रहलाद त्रिपाठी, कन्हैयालाल जाट के सान्निध्य में हुई प्रबंधन समिति की बैठक में इस भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। जहाजपुर (यज्ञपुर) के प्रसिद्ध जहाज मंदिर परिसर स्वस्तिधाम में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय आवासीय शिविर भाजपाइयो के लिए बूस्टर डोज का काम करेगा।
*11 गहन सत्रों में होगा वैचारिक मंथन, केंद्र और प्रदेश के दिग्गज देंगे मार्गदर्शन*
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर को कुल 11 महत्वपूर्ण सत्रों में विभाजित किया गया है। यह शिविर एक सघन शिक्षण केंद्र होगा, जहाँ प्रत्येक सत्र में केंद्र और प्रदेश के शीर्ष भाजपा नेता मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करेंगे। ये दिग्गज नेता जिले के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को संगठन की रीति-नीति, केंद्र सरकार की योजनाओं और कुशल प्रबंधन के गुर सिखाएंगे। 23 मई सुबह 9 बजे से शुरू होकर यह शिविर 24 मई शाम 6 बजे तक अनवरत चलेगा।
*प्रशिक्षण के साथ योगा, खेल एवं मनोरंजन सत्र बढ़ाएंगे रोचकता*
जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने कहा कि यह शिविर संभागीयों के वैचारिक निर्माण और दायित्व बोध की मिसाल कायम करेगा। शिविर की रूपरेखा स्वयं के सर्वांगीण विकास के आधार पर तैयार की गई है, जिसमें मुख्य प्रशिक्षण के साथ ही प्रातःकालीन प्रार्थना, योगाभ्यास, शाखा संचालन, खेल और रात्रिकालीन मनोरंजन सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया जाएगा। वहीं कार्यकर्ताओं के बीच परिवार भावना और आपसी सौहार्द को प्रगाढ़ करने के लिए ‘सामूहिक भोज’ का विशेष आयोजन होगा।
*सांसद, विधायक से लेकर पदाधिकारियों तक की रहेगी उपस्थिति*
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर में जिले के लगभग 216 चयनित पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। अपेक्षित प्रतिभागियों की सूची में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला प्रमुख, उपजिला प्रमुख, पूर्व जिला प्रमुख, प्रधान, महापौर, पालिका अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष, विधानसभा संयोजक, सह संयोजक और मंडल अध्यक्षों की उपस्थिति अपेक्षित रहेगी।
*आवास से लेकर चिकित्सा तक ‘माइक्रो मैनेजमेंट’, तकनीक से होगी ‘सरल’ मॉनिटरिंग*
शिविर के सफल संचालन के लिए जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने माइक्रो मैनेजमेंट पर विशेष जोर दिया है। इसके तहत 40 सदस्यों की प्रबंधन टोली गठित की गई है। जो रजिस्ट्रेशन, आवास, मंच, बैठक, नियंत्रण कक्ष, पार्किंग, भोजन, अतिथि सत्कार, स्वच्छता, आय-व्यय, टेंट, लाइट, प्रदर्शनी, चिकित्सा, मीडिया, सोशल मीडिया, फोटो वीडियो, सुरक्षा जैसी अनेक व्यवस्थाएं देखेंगे। शिविर पूर्णतः हाईटेक होगा जिसमें प्रत्येक सहभागी को ‘सरल एप’ के माध्यम से जीपीएस लोकेशन आधारित ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करानी होगी साथ ही शिविर शुल्क भी ऑनलाइन जमा होगा।
*मंडल शिविरों की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब जिला शिविर पर टिकी निगाहें*
भीलवाड़ा जिले में इससे पूर्व आयोजित मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविरों की ऐतिहासिक सफलता की चर्चा जयपुर से लेकर दिल्ली तक के गलियारों में रही थी। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा जिले की सक्रियता की सराहना के बाद अब इस जिला स्तरीय शिविर पर सबकी निगाहें टिकी हैं। जिले के भाजपाइयों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
