ज्येष्ठ अमावस्या पर तिलस्वा महादेव मंदिर में अभिषेक एवं हवन,

BHILWARA
Spread the love

श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था

बिजोलिया । नरेश धाकड़ ।ज्येष्ठ अमावस्या के पावन अवसर पर तिलस्वा महादेव मंदिर ट्रस्ट द्वारा भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के तहत ट्रस्ट अध्यक्ष रमेशचन्द्र अहीर एवं ट्रस्ट सचिव मांगीलाल धाकड़ के नेतृत्व में विधि-विधान से महादेव का विशेष अभिषेक एवं हवन पूजन सम्पन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित हवन में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की।

मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट एवं रोशनी से सजाया गया। भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरे दिन दर्शन एवं पूजा का क्रम चलता रहा।

ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई। आयोजन में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।

ट्रस्ट अध्यक्ष रमेशचन्द्र अहीर ने कहा कि ज्येष्ठ अमावस्या का यह पर्व श्रद्धा, आस्था और सेवा का प्रतीक है। वहीं ट्रस्ट सचिव मांगीलाल धाकड़ ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए धार्मिक परंपराओं को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।