पूज्य सिंधी पंचायत शाहपुरा व सिंधु सभा के तत्वावधान में होगा समारोह
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
पूज्य सिंधी पंचायत शाहपुरा द्वारा भारतीय सिंधु सभा एवं भारतीय सिंधु सभा राजस्थान न्यास के तत्वावधान में आयोजित “सिंधु संस्कृति गौरव यात्रा” के शाहपुरा आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जयपुर से शुभारंभ हुई यह गौरव यात्रा 19 मई 2026 मंगलवार को सांय शाहपुरा पहुंचेगी, जहां समाजजन द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
पूज्य सिंधी पंचायत शाहपुरा के अध्यक्ष लीलाराम वासवानी, महासचिव नरेश लखपतानी, कोषाध्यक्ष अशोक थानवानी एवं सिंधु सभा अध्यक्ष चेतन चंचलानी ने बताया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य सिंधी संस्कृति, मातृभाषा, परंपराओं एवं समाज के महापुरुषों की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इस दौरान सरकारी योजनाओं व जनगणना अभियान की भी जानकारी दी जायेगी।
कार्यक्रम के अनुसार सांय 6.30 बजे शाहपुरा सीमा पर यात्रा का पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण के साथ स्वागत किया जाएगा। इस दौरान युवाओं द्वारा बाइक रैली भी निकाली जाएगी। इसके पश्चात मुख्य कार्यक्रम संत कंवर राम धर्मशाला, पिवणिया तालाब की पाल, शाहपुरा में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में भगवान झूलेलाल के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन, सिंधी वंदना एवं राष्ट्रगान, अतिथियों का स्वागत, सिंधु संस्कृति गौरव यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश, समाज के वरिष्ठजनों के उद्बोधन एवं बाल संस्कार शिविर का शुभारंभ किया जाएगा।
पूज्य सिंधी पंचायत ने महिला मंडल, नवयुवक मंडल एवं समस्त समाजजनों से पारंपरिक सिंधी वेशभूषा में सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है। पंचायत पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की एकजुटता और संस्कृति के संरक्षण के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण अवसर है तथा सभी समाजबंधुओं की सहभागिता से कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जाएगा।
