बिजोलिया। (नरेश धाकड़)बिजोलिया उपखंड क्षेत्र के सलावटिया, आरोली एवं बिजोलिया क्षेत्र के केमिस्ट एवं दवा विक्रेताओं ने उपखंड अधिकारी को प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम सोपा ज्ञापन अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री और जनस्वास्थ्य पर पड़ रहे उसके प्रभाव को लेकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से सौंपते हुए ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बिना उचित चिकित्सकीय परामर्श एवं नियमों की पूर्ण पालना के दवाइयों की बिक्री की जा रही है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। साथ ही छोटे दवा व्यापारियों और स्थानीय केमिस्टों के सामने आर्थिक चुनौतियां भी बढ़ रही हैं।
केमिस्टों ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान जारी कुछ विशेष प्रावधानों का वर्तमान समय में गलत उपयोग किया जा रहा है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म द्वारा अत्यधिक छूट जैसी नीतियों से छोटे व्यापारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, फर्जी एवं अप्रमाणित ई-प्रिस्क्रिप्शन पर कार्रवाई करने, होम डिलीवरी के माध्यम से अनियंत्रित दवा वितरण पर प्रतिबंध लगाने तथा छोटे व्यापारियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
दवा विक्रेताओं ने कहा कि जनस्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा सरकार को इस विषय पर शीघ्र प्रभावी कदम उठाने चाहिए। इस दौरान बिजोलिया उपखंड क्षेत्र के सलावटिया, आरोली और बिजोलिया के दवा व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
