प्रतिभाओं को मिल रहा मंच, शाहपुरा में भाविप के अभिरूचि शिविर ने जगाई रचनात्मकता की नई लौ

BHILWARA
Spread the love


शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी
भारत विकास परिषद द्वारा शाहपुरा के पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित अभिरूचि शिविर इन दिनों बालिकाओं की प्रतिभाओं को नई उड़ान देने का माध्यम बना हुआ है। कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से सराबोर इस शिविर का शुक्रवार को विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों ने अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

शिविर में छात्राओं के चेहरे पर उत्साह और सीखने की ललक साफ दिखाई दी। कहीं रंगों की दुनिया में रेजन आर्ट आकार ले रहा था तो कहीं मेहंदी की बारीक डिजाइनों ने सभी का ध्यान खींचा। डांस की ताल पर झूमती बालिकाओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया, वहीं कैलीग्राफी और हारमोनियम प्रशिक्षण में भी छात्राओं की विशेष रुचि देखने को मिली। पूरे विद्यालय परिसर में रचनात्मकता और उत्साह का अनोखा माहौल बना रहा।

शुक्रवार को संचिना कला संस्थान के अध्यक्ष रामप्रसाद पारीक, प्रेस क्लब के महासचिव मूलचन्द पेसवानी एवं भाविप के जयदेव जोशी ने शिविर का अवलोकन किया। अतिथियों ने छात्राओं द्वारा तैयार कलात्मक प्रस्तुतियों और सीखने की लगन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पवन बांगड़ ने बताया कि भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित यह अभिरूचि शिविर 24 मई को रंगारंग कार्यक्रमों और प्रतिभा प्रदर्शन के साथ संपन्न होगा। शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को पढ़ाई के साथ-साथ कला, संस्कृति और सृजनात्मक गतिविधियों से जोड़कर आत्मविश्वास प्रदान करना है।

बाद में एसीबीईओ डॉ. सत्यनारायण कुमावत, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी शंकरलाल जोशी एवं विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री एडवोकेट कैलाश धाकड़ ने भी शिविर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने वाले ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं।

इस अवसर पर शिविर प्रभारी मधु पाटनी, भाविप महिला संयोजिका निर्मला मूंदड़ा, रामप्रसाद हेड़ा सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिविर में छात्राओं की बढ़ती भागीदारी और उत्साह को देखते हुए अभिभावकों में भी खासा उत्साह नजर आ रहा है।