स्ट्रीट लाइट बंद, सड़क जर्जर, पानी सप्लाई ठप; बस स्टैंड पर फैली गिट्टी से हादसों का खतरा
बिजोलिया। कस्बे के पथिक नगर सेकंड क्षेत्र में नगर पालिका की लापरवाही के चलते मूलभूत सुविधाएं बदहाल होती जा रही हैं। क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटें, जर्जर सड़कें और बाधित पेयजल व्यवस्था से मोहल्लेवासी परेशान हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय निवासी दीपक शर्मा ने बताया कि पथिक नगर सेकंड में काफी दिनों से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। शिकायत करने पर कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइट खराब होना स्वीकार भी किया, लेकिन नई लाइट उपलब्ध नहीं होने का हवाला देते हुए अगले महीने प्राथमिकता से लगाने की बात कहकर लौट गए। ऐसे में रात के समय पूरे इलाके में अंधेरा पसरा रहता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटना और असामाजिक गतिविधियों का डर बना रहता है।
शर्मा ने बताया कि क्षेत्र की सड़कें भी काफी समय पहले बनाई गई थीं, लेकिन अब उनकी हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और टूटी सड़कें वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। बरसात से पहले सड़क मरम्मत नहीं होने पर हालात और बिगड़ सकते है
इधर पेयजल संकट ने भी मोहल्लेवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। क्षेत्र में पानी की सप्लाई भी पर्याप्त नहीं है। कई परिवारों को रोजाना पानी के टैंकर मंगवाकर काम चलाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं बस स्टैंड क्षेत्र में नगर पालिका द्वारा कराए गए निर्माण कार्य के बाद सड़क पर पड़ी बजरी और गिट्टी भी हादसों का कारण बन रही है। निर्माण सामग्री नहीं हटाने से आए दिन दुपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द सफाई करवाकर व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की है।
