*भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर आज से, दिग्गज नेता आएंगे*

BHILWARA
Spread the love



*पीएम मोदी की ईंधन बचाने का आह्वान, जिलाध्यक्ष मेवाड़ा सहित प्रबंधन टोली बस से पहुंची स्वस्तिधाम*

*प्रशिक्षण स्थल पर प्रबंधकों की बैठक आहूत, जिलाध्यक्ष ने दिए दिशा निर्देश*

भीलवाड़ा 22 मई। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत भीलवाड़ा जिला संगठन द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ आज जहाजपुर (यज्ञपुर) के स्वस्तिधाम मांगलिक भवन में होगा।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि 23 मई प्रातः उद्घाटन सत्र सहित प्रथम दिन कुल 6 सत्र आयोजित होंगे। जिनमें कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत, भाजपा राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, मिथिलेश गौतम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी, सांसद दामोदर अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करेंगे। रात्रिकालीन आयोजन के रूप में मनोरंजन सत्र का विशेष आयोजन होगा। इससे पूर्व शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को आयोजन स्थल पर सरल एप के माध्यम से जीपीएस लोकेशन के साथ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से करवाना होगा।

*जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बस से स्वस्तिधाम पहुंची प्रबंधन टोली*

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने के आह्वान के चलते भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा जोश और उत्साह से लबरेज अपनी प्रबंधन टीम के साथ भीलवाड़ा से बस के माध्यम से रवाना होकर शुक्रवार सुबह स्वस्तिधाम मांगलिक भवन पहुंचे। खास बात यह रही कि रूट की बस में सभी भाजपाइयों ने नियमानुसार अपना अपना टिकट लिया और भुगतान किया। आयोजन स्थल पहुंचने पर विधायक गोपीचंद मीणा के सान्निध्य एवं मंडल अध्यक्ष महेंद्रं खटीक के नेतृत्व में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सभी का स्वागत किया।

*स्वस्तिधाम मांगलिक भवन में जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने ली बैठक*

प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों को लेकर जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने 45 सदस्यीय प्रबंधन टोली की बैठक ली और आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा का जिला प्रशिक्षण शिविर प्रदेश में मिसाल कायम करेगा। केंद्र और प्रदेश के दिग्गज नेताओं का सान्निध्य शिविर में प्राप्त होगा। कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से शिविर को सफल बनाने के लिए दिन रात एक किए हुए है, उनका श्रम इस शिविर को ऐतिहासिक बनाएगा।

*सज धजकर तैयार हुआ भाजपा प्रशिक्षण शिविर स्थल*

शिविर की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। आयोजन स्थल को कार्यकर्ताओं ने भाजपाई झंडों, बैनर आदि से सजधज कर तैयार किया है। वहीं सभी आवासीय कक्षों और हॉल को महापुरुषों और भाजपा के दिवंगत वरिष्ठ नेताओं का नाम दिया गया है। दो दिन भाजपा के दिग्गज नेताओं सहित जिले के 250 से अधिक भाजपा जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा स्वस्तिधाम मांगलिक भवन में रहेगा।