अपराधियों को चेतावनी- “कानून से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त”
भीलवाड़ा, मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा जिले की कानून व्यवस्था को अब नया ‘कप्तान’ मिल गया है और उनके पहले ही बयान ने अपराधियों की नींद उड़ा दी है। शनिवार को नवनियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) सागर ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण करते ही साफ संकेत दे दिए कि अब भीलवाड़ा में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलने वाला है।

जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर निवर्तमान एसपी धर्मेंद्र यादव ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नए एसपी सागर का स्वागत किया और जिले की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। लेकिन कार्यभार संभालते ही एसपी सागर जिस अंदाज में नजर आए, उससे साफ हो गया कि अब पुलिसिंग का अंदाज और ज्यादा आक्रामक होने वाला है।

मीडिया से पहली बातचीत में एसपी सागर ने राजस्थान पुलिस के मूल मंत्र “आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय” को दोहराते हुए कहा कि यही उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और भरोसे के लिए काम करती है, लेकिन जो लोग कानून तोड़ेंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भीलवाड़ा पुलिस पहले भी अच्छा काम कर रही थी, लेकिन अब अपराध नियंत्रण को और ज्यादा मजबूत और प्रभावी बनाया जाएगा। पुलिस की मौजूदगी आमजन को सुरक्षा का एहसास कराएगी, जबकि अपराधियों में भय पैदा करना प्राथमिक लक्ष्य रहेगा।
नए एसपी ने संकेत दिए कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। एसपी सागर ने साफ कहा कि अपराध चाहे छोटा हो या बड़ा, कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
भीलवाड़ा जिले का हाईवे नेटवर्क लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ सड़क हादसों के मामले भी चिंता का विषय बने हुए हैं। एसपी सागर ने इसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों की पालना को लेकर विशेष अभियान चलाए जाएंगे ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद एसपी सागर ने जिले के एएसपी, डीएसपी और विभिन्न थाना अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों और पुलिसिंग को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में थानों की कार्यशैली, लंबित मामलों और अपराधियों की गतिविधियों की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को साफ कहा गया कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
नए एसपी की एंट्री के साथ ही जिले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पुलिस महकमे में जहां नई ऊर्जा दिखाई दे रही है, वहीं अपराधियों और अवैध कारोबारियों में बेचैनी बढ़ गई है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में भीलवाड़ा में कानून व्यवस्था और ज्यादा मजबूत होगी तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिलेगा।
