दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@ग्राम रात्या में जमीनी विवाद को लेकर हुए फायरिंग एवं जानलेवा हमले के मामले ने अब सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर तूल पकड़ लिया है। रविवार को समस्त गुर्जर समाज ने सावर थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी को ज्ञापन सौंपकर रामप्रसाद गुर्जर एवं उसके परिवार पर हमला करने वाले आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।
समाज के लोगों ने ज्ञापन में बताया कि 21 मई 2026 को ग्राम रात्या में रामप्रसाद गुर्जर एवं उसके परिवार पर हथियारों से फायरिंग कर तथा तलवारों से हमला किया गया था। घटना में परिवार के सदस्यों की जान पर खतरा बन गया था। बावजूद इसके तीन-चार दिन बाद भी कई आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार भयभीत है और समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
गौरतलब है कि इस मामले में सावर थाना पुलिस ने पहले त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक बोलेरो कार को भी बरामद किया था तथा मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर दबिश दी जा रही थी। इसके बावजूद समाज के लोगों का कहना है कि नामजद अन्य आरोपी अभी भी गिरफ्त से बाहर हैं।
गुर्जर समाज ने पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो समाज द्वारा पुलिस अधीक्षक एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के कई लोग मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
