शक्करगढ़ में ईद-उल-अज़हा की रौनक, अमन और भाईचारे की मांगी दुआ

BHILWARA
Spread the love


शक्करगढ़। मुस्लिम समाज का मुकद्दस त्योहार ईद-उल-अज़हा शक्करगढ़ क्षेत्र में पूरे अकीदत, खुशियों और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी और हर तरफ अल्लाह की इबादत के साथ अमन, तरक्की और खुशहाली की दुआएं मांगी गईं।
शक्करगढ़ की जामा मस्जिद में इमाम साहिद कोशर ने ईद की नमाज अदा करवाई। नमाज के बाद अपने खुत्बे में उन्होंने कहा कि ईद-उल-अज़हा हमें कुर्बानी, सब्र, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की मदद करने, आपसी प्रेम बनाए रखने और समाज में अमन कायम रखने की अपील की।
इस अवसर पर सदर हाजी लाल मोहम्मद बिसायती ने भी सभी क्षेत्रवासियों को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि त्योहार हमें मिल-जुलकर रहने और इंसानियत की राह पर चलने की सीख देते हैं।
ईद की नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी और देश-प्रदेश में सुख-शांति व भाईचारे की दुआ मांगी। इस दौरान मोसिन बेग, रेहान कुरेशी, लतीफ कुरेशी, मुराद रज़ा, राहुल पठान, हसन खान, जावेद सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे।