*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*
क्षेत्र के सरदार नगर गांव की 75 वर्षीय वृद्ध महिला श्रमिक धनी देवी माली पत्नी स्वर्गीय उगमा माली का उपचार के दौरान निधन हो जाने से गांव में शोक की लहर छा गई। रविवार सुबह परिजनों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धनी देवी माली 29 मई, शुक्रवार को पीनारो की नाड़ी क्षेत्र में संचालित मनरेगा कार्य पर मजदूरी करने गई थीं। दिनभर कार्य करने के बाद जब वह घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी एवं तेज धूप के कारण उन्हें चक्कर आया और वह रास्ते में ही गिर पड़ीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल निजी वाहन से उपचार के लिए भीलवाड़ा ले जाया गया।
परिजनों ने धनी देवी को महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार शुरू किया गया। अस्पताल में दो दिनों तक उपचार चलने के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और शनिवार 30 मई की देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।
धनी देवी के निधन की सूचना मिलते ही सरदार नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई। रविवार सुबह उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाजजन एवं परिजन उपस्थित रहे। अंतिम संस्कार के दौरान लोगों ने मृतका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में क्षेत्र में भीषण गर्मी का दौर जारी है और मनरेगा सहित विभिन्न कार्यों में लगे श्रमिकों को गर्मी से बचाव के पर्याप्त इंतजाम उपलब्ध कराए जाने चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर मृतका के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं सरकारी राहत प्रदान की जाए, ताकि शोकग्रस्त परिवार को संबल मिल सके।
ग्रामीणों ने बताया कि धनी देवी मेहनतकश महिला थीं और परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करती थीं। उनके आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रशासन से शीघ्र सहायता दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
