गंगापुर, (मुकेश गुर्जर)मंगलवार को राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता (सीएपी) इकाई की ओर से मंगलवार को गंगापुर के कुमार मोहल्ला हरिजन बस्ती, वार्ड संख्या 11 में महिलाओं की बैठक आयोजित कर स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) के महत्व की जानकारी दी गई।
बैठक में महिलाओं को परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। साथ ही फीकल स्लज एंड सेप्टेज मैनेजमेंट (एफएसएसएम) एवं एफएसटीपी की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया गया कि यह व्यवस्था शहर में स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सहायक सामाजिक विकास अधिकारी रेखा खटीक ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि घरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलजल को विशेष टैंकरों के माध्यम से रायपुर रोड स्थित नेहरू नगर में निर्माणाधीन एफएसटीपी तक पहुंचाया जाएगा। वहां वैज्ञानिक तरीके से इसका उपचार कर जैविक खाद तैयार की जाएगी, जिसका उपयोग कृषि कार्यों में किया जा सकेगा। इससे खुले में फैलने वाली गंदगी, दुर्गंध और प्रदूषण से राहत मिलेगी तथा शहर का वातावरण अधिक स्वच्छ और स्वस्थ बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। विशेष रूप से ई-श्रम कार्ड के लाभ बताते हुए अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में स्वच्छता पर जोर देते हुए महिलाओं से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने, नालियों में कचरा नहीं डालने तथा नियमित सफाई बनाए रखने की अपील की गई। बताया गया कि साफ-सफाई से मच्छर एवं मक्खियों का प्रकोप कम होगा और मौसमी बीमारियों से बचाव संभव हो सकेगा।
समूह चर्चा के माध्यम से महिलाओं ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया तथा मोहल्ले को स्वच्छ रखने की शपथ भी ली। कार्यक्रम में कालवती देवी, पूजा, विमला, हगामी देवी, सपरा देवी, मनीषा, हरी शफी मोहम्मद, कमलेश तेली, गीता रेगर एवं देऊ रेगर सहित अनेक महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
