अणुव्रत शिविर में गूंजा व्यक्तित्व विकास का मंत्र, खेल, व्यायाम और संस्कारों का अनूठा संगम

BHILWARA
Spread the love



शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा में अणुव्रत समिति के तत्वावधान में आयोजित अणुव्रत व्यक्तित्व विकास शिविर इन दिनों युवाओं और बच्चों के लिए सीखने, समझने और आत्मविकास का प्रेरणादायी केंद्र बना हुआ है। शोभा लाइब्रेरी में संचालित इस शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी रामस्वरूप काबरा ने किया। शिविर में प्रतिभागियों को व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और शारीरिक सुदृढ़ता के विविध आयामों से परिचित कराया जा रहा है।
शिविर के सफल संचालन के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। सांवरिया गाडरी पंजीयन प्रभारी, ओमप्रकाश माली कंप्यूटर प्रशिक्षण, नीरज राजवानी आनंदोत्सव, गोपाललाल पंचोली सूक्ष्म व्यायाम तथा उत्कल सेन आवास व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
शिविर के दौरान कैलाश शर्मा ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद शिविरार्थियों को आनंददायी भ्रमण पर यंग स्पोर्ट्स क्लब ले जाया गया, जहां कोच राजेंद्र सिंह धाबाई ने वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल गतिविधियों की जानकारी देते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
वहीं क्लब के जिम में एडवोकेट दीपक पारीक ने शारीरिक स्वास्थ्य, नियमित व्यायाम और फिटनेस के महत्व पर प्रेरक जानकारी दी। शिविर में आध्यात्मिक वातावरण भी बना रहा, जब मुनि जयवर्धन पीयूष ने उपस्थित शिविरार्थियों को आशीर्वचन प्रदान कर जीवन में सदाचार, संयम और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। गोपाललाल पंचोली ने बताया कि यह व्यक्तित्व विकास शिविर 7 जून तक जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन ज्ञान, संस्कार, स्वास्थ्य और मनोरंजन से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।