बेनीवाल की सुरक्षा घटाने पर भड़की रालोपा: भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट पर भजनलाल सरकार के खिलाफ हल्ला बोल, लगाए सरकार विरोधी नारे, 15 सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन”

BHILWARA
Spread the love



*ब्यूरो चीफ पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) जिला इकाई भीलवाड़ा के बैनर तले शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने नागौर सांसद एवं रालोपा सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा में कटौती किए जाने के विरोध में जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए सांसद बेनीवाल को पुनः जेड प्लस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।



इस दौरान रालोपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा तख्तियां लहराकर अपना विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन में भीलवाड़ा जिले में बजरी माफियाओं के बढ़ते आतंक, अवैध खनन और इससे हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए जिले में संचालित बजरी खनन लीजों की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई।

रालोपा ने फुलियाकलां की खारी नदी, गंगापुर की चंद्रभागा नदी तथा रायपुर की कोठारी नदी में संचालित बजरी लीजों को निरस्त कर स्थानीय ग्रामीणों को छोटे-छोटे खनन पट्टे आवंटित करने की मांग उठाई। साथ ही जिले में संचालित विभिन्न खदानों और निजी कंपनियों में स्थानीय युवाओं को 80 प्रतिशत रोजगार देने तथा मजदूरों के वेतन में वृद्धि करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।



किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देते हुए रालोपा ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की अंतिम तिथि बढ़ाने, किसानों की उपज का समय पर भुगतान करने तथा पर्याप्त मात्रा में यूरिया और खाद उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा सोपूरा गांव के बजरी विवाद में दर्ज मुकदमे वापस लेने, लापियां गांव में कथित अवैध ब्लास्टिंग पर रोक लगाने, जिले की जर्जर सड़कों और बिजली व्यवस्था में सुधार करने की भी मांग की गई।

ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने, प्रदेश में कानून व्यवस्था सुधारने, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण करने, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने की मांग भी शामिल रही।

रालोपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनहित और किसानों से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन करेगी।