वैदिक मंत्रों की गूंज से गुंजायमान हुआ सगतपुरिया का बैकुंठधाम

BHILWARA
Spread the love


पुरुषोत्तम अधिकमास पर श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ,
विश्व कल्याण के लिए 8 जून को होगा भैरव यज्ञ

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
निकटवर्ती सगतपुरिया ग्राम स्थित बैकुंठधाम रविवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं का अद्भुत संगम बन गया। पुरुषोत्तम अधिकमास के पावन अवसर पर यहां श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ विधि-विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया गया। पूरे परिसर में मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और भक्तिमय वातावरण ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।


कार्यक्रम की शुरुआत गांव के आराध्य चारभुजानाथ भगवान के बेवाण को गाजे-बाजे और भजन-कीर्तन के साथ सम्मानपूर्वक बैकुंठधाम लाने से हुई। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भगवान का स्वागत किया। बैकुंठधाम पहुंचने पर उपासक महेंद्र जोशी के नेतृत्व में बेवाण की आरती-वंदना कर भव्य अगवानी की गई।


इसके पश्चात बैकुंठधाम में विराजमान सर्व देवताओं का वैदिक रीति से अभिषेक किया गया तथा हवन-कुंड में वैदिक मंत्रों के साथ आहुतियां अर्पित कर लोकमंगल और धर्म-संवर्धन की कामना की गई। आयोजन के लिए पूरे बैकुंठधाम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे धार्मिक वातावरण और भी मनोहारी बन गया।


उपासक महेंद्र जोशी ने बताया कि श्रीरामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति 8 जून सोमवार प्रातः होगी। इस अवसर पर विशेष भैरव यज्ञ एवं महाहवन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विश्व शांति, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना के साथ आहुतियां अर्पित की जाएंगी।


ज्योतिषाचार्य हरिशंकर शर्मा मंशा के मार्गदर्शन में पंडित कैलाश तिवाड़ी (गोगा का खेड़ा), पंडित जगदीश तिवाड़ी, पंडित सत्यनारायण जोशी, पंडित अभिषेक पाराशर, पंडित भगवान पुरोहित एवं पंडित हर्षित तिवाड़ी ने गणेश पूजन, षोडशोपचार पूजन, वास्तु पूजन, योगिनी पूजन, नवग्रह पूजन, रुद्र पूजन, क्षेत्रपाल पूजन, सर्वतोभद्र मंडल, रामायण मंडल, रामदरबार, हनुमानजी एवं चारभुजा भगवान के पूजन-अभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।
धार्मिक आयोजन में सगतपुरिया के अलावा कोटड़ी, आकोला, भीलवाड़ा और शाहपुरा से बड़ी संख्या में साधक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे दिन भक्ति, आस्था और वैदिक परंपरा का ऐसा वातावरण बना रहा जिसने बैकुंठधाम को आध्यात्मिक उत्सव का स्वरूप प्रदान कर दिया।